अहमदाबाद में 14.16 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त, एक गिरफ्तार

Ads

अहमदाबाद में 14.16 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त, एक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 06:58 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 06:58 PM IST

अहमदाबाद, दो जून (भाषा) अहमदाबाद में पुलिस ने मुंबई जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से बिस्कुट के पैकेट्स में छिपाकर ले जाई जा रही सात किलोग्राम से अधिक मेथामफेटामाइन (मेथ) जब्त की है। मादक पदार्थ बाजार में इसकी कीमत 14.16 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मेथामफेटामाइन (जिसे ‘मेथ’ भी कहा जाता है) की बिक्री और तस्करी ‘स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम’ के तहत प्रतिबंधित है।

निरीक्षक एस. ए. कोटड़िया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘एक गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अहमदाबाद के नाना चिलोडा सर्किल से मुंबई निवासी मोहम्मद साजिद मोहम्मद उस्मान शेख (48) को गिरफ्तार किया। वह अपने साथ मेथ से भरे बिस्कुट के पैकेट ले जा रहा था।’

उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि काले रंग के फूलों के प्रिंट वाली टी-शर्ट और सलेटी रंग की पैंट पहने एक व्यक्ति नीले रंग के ट्रैवल बैग में मादक पदार्थ लेकर जा रहा है, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस ने जयपुर से मुंबई जा रहे इस व्यक्ति को रोका, जिसने शुरुआत में अपनी पहचान देश की वित्तीय राजधानी (मुंबई) के एक दैनिक वेतन भोगी मजदूर के रूप में बताई।

निरीक्षक के अनुसार, तलाशी लेने पर पुलिस ने शेख के पास से 7,084 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की, जो एक प्रतिबंधित मनःप्रभावी पदार्थ है। मादक पदार्थ बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 14,16,80,000 रुपये है।

शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह इस खेप को मुंबई पहुंचाने जा रहा था और उसने इस पूरे नेटवर्क के पीछे एक नाइजीरियाई नागरिक के मुख्य संचालक होने की बात स्वीकार की है।

इस संबंध में नरोदा थाने में एनडीपीएस अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित मादक पदार्थ के स्रोत और आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा सुमित माधव

माधव