अरब सागर में ईरानी नौका से 3,000 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, पांच पाकिस्तानी नागरिक हिरासत में
अरब सागर में ईरानी नौका से 3,000 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, पांच पाकिस्तानी नागरिक हिरासत में
अहमदाबाद, 30 सितंबर (भाषा) भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) के साथ संयुक्त अभियान में अरब सागर में एक ईरानी नौका से 3,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 526 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और हेरोइन जब्त की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
तटरक्षक बल ने एक बयान में कहा कि 25 सितंबर को लक्षद्वीप के पास चलाए गए अभियान के दौरान नौका पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी हिरासत में लिया गया।
उसने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर तटरक्षक बल की इकाइयों ने समुद्री और हवाई निगरानी की तथा संदिग्ध नौका का पता लगाया। इसके बाद उसका पीछा किया गया और लक्षद्वीप के पश्चिम में नौका पर चढ़कर उसकी तलाशी ली गई।
तटरक्षक बल के अनुसार, जब्त किए गए मादक पदार्थों में उच्च गुणवत्ता वाली मेथामफेटामाइन और हेरोइन शामिल हैं।
उसने बताया कि नौका, उसके चालक दल और जब्त किए गए मादक पदार्थों को सशस्त्र सुरक्षा के बीच पूछताछ तथा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई लाया गया है।
यह अभियान गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते के समन्वय में चलाया गया। राज्य एटीएस ने भी पांच पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। एटीएस आज अभियान के संबंध में मीडिया को जानकारी देगा।
यह जब्ती ऐसे समय हुई है जब सुरक्षा एजेंसियां समुद्री मार्ग के जरिए होने वाली अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयास तेज कर रही हैं।
तटरक्षक बल ने कहा कि यह अभियान उसकी निगरानी और समुद्री मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने की क्षमता तथा भारत के समुद्री क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों को रोकने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बल ने कहा कि इस जब्ती से अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोहों के वित्तीय नेटवर्क को बाधित करने और सिंथेटिक मादक पदार्थों को देश में पहुंचने से रोकने में मदद मिलेगी।
भाषा गोला वैभव
वैभव
वैभव

Facebook


