जयपुर, पांच मई (भाषा) डूंगरपुर जिले के निठाउवा थाना क्षेत्र के डुंगलई गांव में सोमवार रात छोटे भाई ने बड़े भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सोहन पुत्र भगना मीणा की पत्नी खेत में बकरियां चरा रही थी और इस दौरान उसने एक पेड़ की पत्तियां तोड़ीं, जिस पर बड़े भाई कन्हैयालाल की बेटी ने आपत्ति जताई। पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
निठाउवा थानाधिकारी घनश्याम सिंह ने बताया कि विवाद के बाद सोहन की पत्नी अपने मायके चली गई और शाम को सोहन मजदूरी करने के बाद घर आया और उसे पूरे घटनाक्रम का पता चला।
उन्होंने बताया कि कन्हैयालाल धरियावद में कपड़े सिलाई का काम करने के बाद शाम को घर लौटा। उन्होंने बताया कि वह आंगन में खाट पर लेटा हुआ था और इसी दौरान सोहन चाकू लेकर पहुंचा और कन्हैयालाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
थानाधिकारी ने बताया कि हमले में कन्हैयालाल गंभीर रूप से घायल हो गया और बीच-बचाव में आई उसकी पत्नी को भी चोटें आईं। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल कन्हैयालाल को निठाउवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सागवाड़ा भेजा गया लेकिन, उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घनश्याम सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपी सोहन ने खुद को भी घायल कर लिया और उसके बाद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने बताया पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
भाषा बाकोलिया
रंजन अमित
अमित