दिल्ली में धूल भरी आंधी और बारिश; ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी

दिल्ली में धूल भरी आंधी और बारिश; ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी

दिल्ली में धूल भरी आंधी और बारिश; ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी
Modified Date: March 18, 2026 / 08:29 pm IST
Published Date: March 18, 2026 8:29 pm IST

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार शाम को धूल भरी आंधी और गरज के साथ बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इसके बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।

आईएमडी ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों (एसडीएमए) को अलर्ट भेज दिया है। मध्य, पूर्वी, नयी दिल्ली, उत्तरी, उत्तरपूर्व, उत्तरपश्चिमी, शाहदरा, दक्षिणी, दक्षिणपूर्वी, दक्षिणपश्चिमी और पश्चिमी जिलों में खराब मौसम की आशंका है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, ‘ऑरेंज अलर्ट’ का मतलब है ‘तैयार रहें’। इसका मतलब है कि प्राधिकारियों और आम जनता को खराब मौसम के लिए तैयार रहना चाहिए, जिससे सामान्य जीवन बाधित हो सकता है।

मौसम विभाग ने एक बयान में कहा, ‘‘अगले तीन घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है जिसकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।’’

पालम में शाम 7 बजे के आसपास 35 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चली जिसकी गति बाद में 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच गई।

राजधानी में हवा की सबसे अधिक गति 68 किलोमीटर प्रति घंटा प्रगति मैदान में दर्ज की गई। वहीं पूसा में हवा की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। शहर के अन्य हिस्सों में भी तेज हवाएं चलीं।

पालम में हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा, लोदी रोड पर 46 किलोमीटर प्रति घंटा, इग्नू में 44 किलोमीटर प्रति घंटा, नारायणा में 41 किलोमीटर प्रति घंटा और पीतमपुरा में 33 किलोमीटर प्रति घंटा की गति दर्ज की गई, जो दिल्ली क्षेत्र में आंधी के व्यापक प्रभाव को दर्शाती है।

तेज हवाओं के कारण राजधानी के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई और कामकाज बाधित हुआ।

आईएमडी ने कई परामर्श जारी कर लोगों से घरों के अंदर रहने और कमजोर या असुरक्षित ढांचों से दूर रहने का आग्रह किया। लोगों को खिड़कियों, बिजली के खंभों और बिजली तारों से दूर रहने की चेतावनी दी गई।

किसानों को अस्थायी रूप से काम बंद करने और अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए कहा गया है। आंधी में फंसे वाहन चालकों को तेज हवाओं के बीच गाड़ी चलाने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रुकने और अपने वाहनों के अंदर रहने के लिए कहा गया है।

भाषा अमित अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में