नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने शुक्रवार को कहा कि मोबाइल ऐप के जरिये ई-रिक्शा को बंद किए जाने के मामले में सरकार उचित कार्रवाई करेगी।
सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली सरकार ने इन दावों की जांच के आदेश दिए हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘यह सुरक्षा से जुड़ा मामला है। लोगों को किसी तरह की परेशानी या असुविधा न हो, इसके लिए सरकार निश्चित रूप से उचित कदम उठाएगी। हमें भी इस मामले की जानकारी सोशल मीडिया के जरिये मिली थी। परिवहन विभाग भी इसकी जांच कर रहा है।’’
उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस भी इस मामले की जांच कर रही है। मंत्री ने कहा, ‘‘जहां तक मुझे जानकारी है, केंद्र सरकार ने भी इस मामले में कार्रवाई की है।’’
सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन चीनी मोबाइल ऐप – बीएटी-बीएमएस, लॉसिजी और इपोक-आई-आयन- हटाने के आदेश दिए हैं। आरोप है कि इन ऐप का इस्तेमाल भारत में बैटरी से चलने वाले वाहनों को दूर से रिमोट के जरिये बंद करने के लिए किया जा रहा था।
यह कार्रवाई उन वीडियो के सामने आने के बाद की गई, जिनमें दावा किया गया था कि बीएटी-बीएमएस नाम के चीनी मोबाइल ऐप के जरिये ‘रिमोट शटडाउन’ फीचर का इस्तेमाल कर कुछ ई-रिक्शा को अचानक बंद किया जा रहा है।
भाषा सुरेश नरेश
नरेश