भारत-नेपाल सीमा पर गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए सभी एजेंसियां मिलकर काम करें: चौधरी

Ads

भारत-नेपाल सीमा पर गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए सभी एजेंसियां मिलकर काम करें: चौधरी

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 08:54 PM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 08:54 PM IST

पटना, तीन जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर गैरकानूनी एवं अनैतिक गतिविधियों को रोकने के लिए सभी एजेंसिया आपसी समन्वय से कार्य करें और विशेष सतर्कता बरतें।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ)द्वारा जारी बयान के मुताबिक पटना सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में भारत-नेपाल सीमा से जुड़े सुरक्षा, प्रशासनिक एवं विकासात्मक विषयों पर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से कार्य करें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न होने दें।

उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को बनाए रखते हुए सीमावर्ती क्षेत्र की सभी गतिविधियों पर पूर्ण निगरानी रखी जाए तथा सभी जांच चौकियों से 15 किलोमीटर की परिधि तक प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने उर्वरक एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस तथा सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के बीच नियमित समन्वय बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती जिलों में थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन कर ऐसे लोगों की पहचान एवं सत्यापन किया जाए, जिनकी संपत्ति में आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में अचानक वृद्धि हुई। ऐसे मामलों की पूरी जानकारी संकलित कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।

सम्राट चौधरी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा से जुड़े विषयों पर केंद्रीय गृह मंत्री, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) स्तर पर नियमित बैठकें होती रही हैं। उन्होंने कहा कि इन बैठकों में लिए गए कई निर्णयों पर अमल किया जा चुका है और शेष कार्यों को भी समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए।

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भारत-नेपाल सीमा प्रबंधन एवं उससे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। किशनगंज, मधुबनी और पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारियों तथा पुलिस अधीक्षकों ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी दी और अपने सुझाव भी साझा किए।

बैठक में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), खुफिया ब्यूरो (आईबी), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी), सीमा शुल्क विभाग तथा आयकर विभाग के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की कार्रवाई और सुझावों से अवगत कराया। बैठक में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था, सीमा प्रबंधन, अतिक्रमण, साइबर अपराध, नागरिकता संबंधी मामलों, लंबित कार्यों तथा आधारभूत संरचना के विकास पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में भारत-नेपाल सीमा की कुल लंबाई 735 किलोमीटर है। इस सीमा से राज्य के सात जिले जुड़े हुए हैं, जहां 70 पुलिस थाने तथा सशस्त्र सीमा बल की 194 सीमा चौकियां स्थित हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी एवं अनैतिक गतिविधि को रोकने के लिए सभी एजेंसियां पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करें।

भाषा कैलाश

धीरज

धीरज