अहमदाबाद, पांच मार्च (भाषा) गुजरात के कच्छ, दाहोद और बोटाद जिलों में बृहस्पतिवार को 3.4 और 2.5 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किये गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि किसी भी स्थान पर जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ।
गांधीनगर स्थित भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) के अनुसार, पूर्वी गुजरात के दाहोद से 34 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिणपश्चिम में पूर्वाह्न 11 बजकर 55 मिनट पर 2.5 तीव्रता वाला भूकंप का पहला झटका महसूस किया गया।
इसके बाद अपराह्न एक बजकर 43 मिनट पर पश्चिमी गुजरात के कच्छ जिले के भचाऊ से 12 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपश्चिम में 3.4 तीव्रता वाले भूकंप का झटका महसूस किया गया।
संस्थान द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इसका केंद्र सतह से लगभग 29.5 किलोमीटर की गहराई पर था।
दक्षिण सौराष्ट्र क्षेत्र में बोटाद से 28 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में दोपहर लगभग तीन बजकर आठ मिनट पर 3.4 तीव्रता वाला भूकंप का एक और झटका महसूस किया गया।
विज्ञप्ति के अनुसार, इसका केंद्र लगभग 15 किलोमीटर की गहराई पर था।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश