निर्वाचन आयोग की टीम ने चंडीगढ़ में एसआईआर की प्रगति की समीक्षा की

Ads

निर्वाचन आयोग की टीम ने चंडीगढ़ में एसआईआर की प्रगति की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 09:43 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 09:43 PM IST

चंडीगढ़, नौ जुलाई (भाषा) निर्वाचन आयोग की एक टीम ने मतदाता पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओएस) और सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ बैठक कर केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रगति की बृहस्पतिवार को समीक्षा की।

बैठक में एसआईआर प्रक्रिया के प्रमुख पहलुओं पर चर्चा हुई, जिनमें घर-घर जाकर सत्यापन, गणना प्रपत्र जमा करना और उनका डिजिटलीकरण, मतदाता सुविधा उपाय, हेल्पडेस्क की कार्यप्रणाली तथा शिकायत निवारण व्यवस्था शामिल रही।

ईआरओ और एईआरओ ने अपने-अपने क्षेत्रों में हुई प्रगति की जानकारी निर्वाचन आयोग की टीम को दी और एसआईआर प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए उठाए गए कदमों से अवगत कराया।

बैठक में जमीनी स्तर के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय, मतदाताओं तक अधिक पहुंच सुनिश्चित करने तथा एसआईआर अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

निर्वाचन आयोग की टीम ने अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों और तय समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

आयोग ने अधिकारियों से कहा कि वे क्षेत्रीय गतिविधियों की लगातार निगरानी रखें, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की गुणवत्ता और सटीकता बनाए रखें, मतदाताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करें तथा अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरुकता अभियान और तेज करें।

भाषा शोभना अविनाश

अविनाश