ईडी ने माकपा पर उसके अधिकारियों पर हमला करने की ‘साजिश’ रचने का लगाया आरोप

Ads

ईडी ने माकपा पर उसके अधिकारियों पर हमला करने की ‘साजिश’ रचने का लगाया आरोप

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 05:02 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 05:02 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 29 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को यहां एक अदालत से कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास पर तलाशी अभियान के बाद उसके अधिकारियों पर हुआ हमला मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के शीर्ष नेतृत्व की ओर से रची गई साजिश का नतीजा था।

यह कार्रवाई विजयन की बेटी वीणा टी. से जुड़े धनशोधन मामले में की गई थी।

ईडी ने यह आरोप तिरुवनंतपुरम जिला एवं सत्र अदालत में दायर अपनी आपत्ति में लगाया जिसमें उसने 12वें आरोपी लेनिन राज की जमानत याचिका का विरोध किया है।

पिछले महीने भी ईडी की एक टीम ने इस मामले की जांच के हिस्से के रूप में तिरुवनंतपुरम में उस किराए के मकान की तलाशी ली थी जहां विजयन रह रहे थे।

इस मामले में करीब 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ माकपा के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था।

यह विवाद उस समय और बढ़ गया जब जिला अदालत ने मामले के नौवें आरोपी हरीश कुमार को जमानत दे दी।

पुलिस ने दावा किया कि उसने जमानत याचिका का विरोध करने के लिए 13 आधारों का उल्लेख करते हुए एक रिपोर्ट दाखिल की थी लेकिन उसने आरोप लगाया कि तत्कालीन लोक अभियोजक ने अदालत के समक्ष उनकी आपत्तियां पेश नहीं कीं।

इसके बाद ईडी ने मामले में खुद को पक्षकार बनाने की अपील करते हुए अदालत का रुख किया और कुमार को दी गई जमानत को चुनौती देते हुए केरल उच्च न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया।

ईडी की याचिका के मुतबिक, इस मामले के तथ्यों और परिस्थितियों से माकपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा रची गई गहरी आपराधिक साजिश का तत्व स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। अवैध प्रदर्शन के बाद हुआ हिंसक हमला माकपा के राज्य सचिव, जिला सचिव तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ स्थानीय नेताओं सहित प्रमुख नेताओं की सक्रिय मौजूदगी में हुआ।”

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश