शिक्षा मंत्री प्रधान और राधाकृष्णन ने नीट-यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की
शिक्षा मंत्री प्रधान और राधाकृष्णन ने नीट-यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की
नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को इसरो के पूर्व अध्यक्ष के. राधाकृष्णन के साथ बैठक की और 21 जून को होने वाली नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राधाकृष्णन एक उच्च-स्तरीय समिति के अध्यक्ष हैं, जिसे राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) से जुड़ी सिफारिशों के कार्यान्वयन की निगरानी का कार्य सौंपा गया है।
प्रधान और राधाकृष्णन ने परीक्षा की निगरानी प्रणालियों को मजबूत करने के लिए उठाए जा रहे उपायों की समीक्षा की।
इस बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह, एनटीए के अधिकारी और मंत्रालय के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बयान के मुताबिक, बैठक के दौरान सिंह ने परीक्षा की निगरानी को मजबूत करने और परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए अतिरिक्त उपायों के बारे में जानकारी दी।
प्रधान ने इस बात पर जोर दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुविधाएं और विद्यार्थी-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने को समान प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
नीट-यूजी की पुनर्परीक्षा 21 जून को 550 शहरों के 5,400 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की जानी है।
एनटीए ने तीन मई को नीट-यूजी आयोजित की थी। हालांकि प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप लगने के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई।
भाषा शफीक माधव
माधव

Facebook


