पथनमथिट्टा (केरल), आठ जुलाई (भाषा) केरल के पथनमथिट्टा के पास बुधवार को अपने घर में लगी लिफ्ट में सिर फंस जाने से 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान कदम्मनीट्टा निवासी मथुकुट्टी (75) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मथुकुट्टी को सीढ़ियां चढ़ने में परेशानी होती थी, इसलिए सड़क के पास बने पार्किंग स्थल से ऊपर घर तक जाने के लिए एक साधारण लिफ्ट लगाई गई थी।
पुलिस के अनुसार, यह लिफ्ट बेहद साधारण संरचना थी और इसमें आधुनिक लिफ्ट की तरह अपने आप बंद होने वाले दरवाजे और चारों तरफ से बंद केबिन जैसी सुविधाएं नहीं थीं।
मथुकुट्टी दिन में किसी काम से बाहर गए थे और दोपहर में घर लौटे थे।
पुलिस ने बताया कि अपनी गाड़ी खड़ी करने के बाद वह लिफ्ट में सवार हुए, लेकिन इसी दौरान उनका सिर लिफ्ट के लोहे की रॉड के बीच फंस गया।
आवाज सुनकर उनकी पत्नी तुरंत मौके पर भागीं, लेकिन वह उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में असमर्थ रहीं।
इसके बाद दमकल और बचाव सेवा दल को इसकी सूचना दी गई। बचाव कर्मियों ने लोहे की रॉड काटकर उन्हें बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि मथुकुट्टी को तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
आरणमुला थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा सुमित शफीक
शफीक