झारखंड : करणी सेना नेता की हत्या मामले के मुख्य आरोपी ने जमशेदपुर की अदालत में आत्मसमर्पण किया

Ads

झारखंड : करणी सेना नेता की हत्या मामले के मुख्य आरोपी ने जमशेदपुर की अदालत में आत्मसमर्पण किया

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 05:51 PM IST

जमशेदपुर, आठ जुलाई (भाषा) करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी विश्वनाथ लोहरा उर्फ ​​बोदरा ने बुधवार को झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले की एक स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

विश्वनाथ 27 जून की रात शहर के बिष्टुपुर पुलिस थाना क्षेत्र में एक बार के नजदीक सिंह की हुई हत्या के बाद से फरार था और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी योग्य जानकारी देने पर दो लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की थी।

बिष्टुपुर पुलिस थाना के प्रभारी निरंजन कुमार ने कहा, ‘‘विश्वनाथ लोहरा ने मुख्य दंडाधिकारी की अदालत में आत्मसमर्पण किया। हम जल्द ही उसे घटना के सिलसिले में पूछताछ के लिए हिरासत में लेंगे।’’

आरोप है कि छेड़छाड़ के कथित मामले को लेकर हुए झगड़े के बाद, विश्वनाथ और उसके साथियों ने 28 साल के हिमांशु और उसके दोस्त प्रत्यूष सिंह को पुलिस के गश्ती वाहन से बाहर खींचा और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बार के सामने उन पर चापड़ और कुल्हाड़ी से हमला किया।

पुलिस के मुताबिक घटना के दो दिन बाद इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष कोलकाता के एक अस्पताल में अब भी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।

पुलिस ने इस मामले में बार के मालिक, उसके प्रबंधक और चार किशोरों समेत 10 लोगों को पकड़ा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने मंगलवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गिरफ्तार लोगों ने पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि झगड़े की शुरुआत बार में गाना बजाने को लेकर हुई थी।

उन्होंने कहा, लेकिन पुलिस हिमांशु की हत्या की असल वजह का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस की टीम फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए झारखंड के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में भी छापेमारी की कार्रवाई कर रही हैं।

भाषा धीरज रंजन

रंजन