चंडीगढ़, 17 अगस्त (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने सोमवार को भगवंत मान सरकार पर फिरोजपुर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘‘नाटक’’ करने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि सरकार ने बुजुर्गों को स्वास्थ्य योजना के लाभार्थियों के तौर पर पेश किया और उनसे नृत्य करवाया।
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया समेत अन्य विपक्षी नेताओं ने भी मान सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि फिरोजपुर में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान ऐसे लोगों को घुटना प्रत्यारोपण कराने वाले मरीजों के रूप में पेश किया गया, जिन्होंने वास्तव में कभी यह सर्जरी कराई ही नहीं थी।
हालांकि, आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने अपनी स्वास्थ्य योजनाओं का बचाव किया। पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर अभूतपूर्व चिंता दिखाई है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सेहत योजना पर आधारित झांकी में तीन बुजुर्ग समेत पांच लोग शामिल थे और उन्होंने पृष्ठभूमि में बज रहे प्रसिद्ध पंजाबी गीत पर नृत्य किया। पंजाब सरकार ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत 10 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य कवर उपलब्ध करा रही है।
वडिंग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे बुजुर्ग हमारा गौरव हैं, राजनीतिक प्रचार के लिए इस्तेमाल की जाने वाली वस्तु नहीं। भगवंत मान सरकार ने कथित तौर पर स्वतंत्रता दिवस को प्रचार का मंच बना दिया है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को कथित रूप से सफल घुटना प्रत्यारोपण कराने वाले बुजुर्ग लाभार्थियों के रूप में पेश किया गया, जबकि उन्होंने कभी यह सर्जरी नहीं कराई।’’
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के नाम पर ‘‘झूठ का तमाशा’’ किया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब के अस्पतालों को प्रचार और फोटो खिंचवाने के बजाय डॉक्टरों, दवाओं और वास्तविक इलाज की जरूरत है।
शिअद नेता मजीठिया ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को लाभार्थियों के रूप में पेश किया गया, झूठे दावे किए गए और पूरे घटनाक्रम को सरकार की उपलब्धि के तौर पर प्रचारित किया गया। उन्होंने सवाल किया, ‘‘यह कैसी स्वास्थ्य क्रांति है?’’
पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी आप सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा कि अब आम आदमी पार्टी की सेहत बीमा योजना के तहत घुटना प्रत्यारोपण कराने वाले ‘‘फर्जी लाभार्थियों’’ से स्वतंत्रता दिवस समारोह में नृत्य कराया गया।
इन आरोपों पर सिसोदिया ने कहा कि उन लोगों को पहले अपनी-अपनी पार्टी के मुद्दे सुलझाने चाहिए।
सिसोदिया ने कहा, ‘‘भगवंत मान ने पंजाब और उसके लोगों के लिए जिस तरह की चिंता दिखाई है, वैसी पंजाब के इतिहास में किसी पार्टी या मुख्यमंत्री ने पहले कभी नहीं दिखाई।’’ उन्होंने कहा कि मान पंजाब के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर बेहद चिंतित हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों का प्रभावी ढंग से समाधान हो।
भाषा राखी अविनाश
अविनाश