बारिश से कमजोर हुई दीवार ढह जाने से बुजुर्ग महिला की मौत

Ads

बारिश से कमजोर हुई दीवार ढह जाने से बुजुर्ग महिला की मौत

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 05:35 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 05:35 PM IST

बाराबंकी (उप्र), 17 अगस्त (भाषा) जिले के कोतवाली देवा क्षेत्र के ग्राम मलूकपुर मजरे मोहम्मदपुर में बारिश से कमजोर हुई एक दीवार ढह जाने से उसके मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी।

पुलिस ने बताया कि उक्त हादसे के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि ग्राम मलूकपुर मजरे मोहम्मदपुर निवासी 70 वर्षीय राजेश्वरी सोमवार को घर के बगल में सूख रहे कपड़े उतारने गई थीं। पुलिस ने बताया कि पास में पुराने कच्चे मकान की मिट्टी की एक मोटी दीवार थी और कपड़े उतारते समय दीवार भरभराकर ढह गई और राजेश्वरी उसके मलबे में दब गईं।

पुलिस ने बताया कि दीवार गिरने के बाद मौके पर जुट आसपास के ग्रामीणों ने मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि बाद में महिला को एक एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा ले जाया गया, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. संजीव कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि महिला की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों के मुताबिक पुराने कच्चे मकान की जगह बगल में पक्का मकान बना लिया गया था। पुराने घर की मिट्टी की केवल एक दीवार ही बची थी। पुलिस ने बताया कि लगातार बारिश से दीवार में नमी आ गई थी और वह कमजोर हो गई थी।

पुलिस ने बताया कि राजेश्वरी की तीन पुत्रियां हैं और तीनों विवाहित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं जफर अमित

अमित