बुजुर्ग महिला ने खुद को आग लगाई, परिवार ने एसआईआर संबंधी चिंता होने का लगाया आरोप

Ads

बुजुर्ग महिला ने खुद को आग लगाई, परिवार ने एसआईआर संबंधी चिंता होने का लगाया आरोप

  •  
  • Publish Date - November 18, 2025 / 02:27 PM IST,
    Updated On - November 18, 2025 / 02:27 PM IST

कोलकाता, 18 नवंबर (भाषा) शहर के दक्षिण में कुदघाट इलाके की एक बुजुर्ग महिला ने मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से कथित तौर पर घबराकर खुद को आग लगा ली। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला की पहचान जमुना मंडल (67) के रूप में हुई है और वह अपने परिवार के साथ रह रही थीं। अधिकारी के अनुसार उनके परिवार ने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया शुरू होते ही उनकी चिंता बढ़ गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि महिला को उनका गणना फॉर्म नहीं मिला था, जिससे वह परेशान थीं।’’

उन्होंने बताया कि दक्षिण कोलकाता के वार्ड 114 स्थित धलाई ब्रिज और न्यू पुटियारी उदयाचल इलाके में लंबे समय से रहने वाली मंडल ने कथित तौर पर अपने घर में खुद को आग लगा ली।

उन्होंने कहा, ‘गंभीर रूप से झुलसी हुई अवस्था में उन्हें एमआर बांगुर अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस ने महिला की मौत की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

हाल के समय में, उत्तर 24 परगना, मुर्शिदाबाद, बीरभूम और नादिया सहित कई जिलों से एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कथित तौर पर चिंता से जुड़ी मौतों की खबरें सामने आई हैं।

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में एसआईआर प्रक्रिया शुरू की है। एसआईआर के तहत घर-घर जाकर सत्यापन किया जाता है, उद्देश्य ‘डुप्लिकेट’ मतदाताओं को सूची से हटाना, मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाना और नये पात्र मतदाताओं को जोड़ना है।

भाषा अमित वैभव

वैभव