नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) दक्षिणपूर्वी दिल्ली के पंत नगर में 70 वर्षीय महिला की उसके घर पर लूट के दौरान कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह घटना निज़ामुद्दीन थाना क्षेत्र में हुई। परिवार के सदस्यों ने कहा कि जब लुटेरे घर में घुसे, तो महिला अकेली थी।
उनकी बेटी ने कहा कि उसे घटना के बारे में शुक्रवार सुबह करीब 8.15 बजे पता चला, जब वह अपनी मां से मिलने उसके घर गई।
उसने आरोप लगाया कि घर से सोने और हीरे के आभूषण गायब हैं और लुटेरों ने उसकी मां की हत्या कर दी है।
परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने घर में घुसने से पहले कथित तौर पर पड़ोसी के घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए।
महिला के दामाद ने कहा कि ऐसा लगता है कि उनका गला घोंटा गया है और उनके चेहरे पर भी चोटें आई हैं, जो संभवत: किसी भारी वस्तु से की गई है।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप