नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) दिल्ली सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दो वातानुकूलित (एसी) इलेक्ट्रिक बसें शुरू करने वाली है जो राजधानी के 21 प्रमुख ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को कवर करने वाले चार विशेष सर्किट को आपस में जोड़ेंगी।
दिल्ली पर्यटन एवं यात्रा विकास निगम (डीटीटीडीसी) की निविदा के दस्तावेज के अनुसार, पर्यटन के उद्देश्य से नौ मीटर लंबी दो वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों की आपूर्ति के लिए बोलियां आमंत्रित की गई हैं।
इस खरीद की अनुमानित लागत 2.10 करोड़ रुपये है। इन बसों को डीटीटीडीसी के मौजूदा पर्यटन बेड़े में शामिल किया जाएगा, जो वर्तमान में ‘गाइडेड टूर’, ‘हॉप-ऑन-हॉप-ऑफ’ सेवाएं, हेरिटेज सर्किट और प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली शटल सेवाएं संचालित करता है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना है। यह कदम दिल्ली इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2.0 (2026-2030) के अनुरूप है, जिसके तहत सरकारी परिवहन प्राधिकरणों द्वारा शामिल की जाने वाली सभी नयी अंतर-राज्यीय बसों का इलेक्ट्रिक होना अनिवार्य है।
प्रस्तावित बसें चार विशेष पर्यटन सर्किटों – ‘द सोल ऑफ दिल्ली’, ‘द हेरिटेज ऑफ दिल्ली’, ‘दिल्ली सेक्रेड हार्मनी’ और ‘इकोज ऑफ दिल्ली’ पर चलाई जाएंगी। इन सर्किट को इस तरह तैयार किया गया है ताकि राजधानी के आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आकर्षणों का एक साथ सहज अनुभव लिया जा सके।
अधिकारी ने कहा कि नयी इलेक्ट्रिक बस सेवा बेहतर संपर्क सुविधा प्रदान कर मौजूदा पर्यटन सेवाओं को और मजबूत करेगी।
भाषा खारी अविनाश
अविनाश