जयपुर, 25 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक पर्व हैं और पार्टी का हर कार्यकर्ता लोकतंत्र का पहरेदार है।
राज्यसभा सदस्य राठौड़ यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में निकाय चुनाव के लिए प्रकाशित मार्गदर्शिका पुस्तक का विमोचन कर रहे थे।
राठौड़ ने ‘एक राज्य-एक चुनाव’ की भावना के तहत राज्य में होने वाले निकाय एवं पंचायती राज चुनावों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से न केवल खर्च बढ़ता है बल्कि प्रशासनिक कामकाज में भी व्यवधान आता है, जिससे लोक कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता प्रभावित होती है।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सरकार और प्रशासनिक मशीनरी चुनावी कार्यों में व्यस्त हो जाती है तथा आचार संहिता की आड़ में विकास कार्य रुक जाते हैं, जिसका सीधा नुकसान आम जनता को होता है।
राठौड़ ने कहा, ‘‘चुनाव लोकतांत्रिक पर्व है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र का पहरेदार है। इसलिए चुनाव चाहे पंचायत का हो या संसद का, भाजपा का कार्यकर्ता सजगता से अपनी भूमिका का निर्वहन करता है।’’
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता मालिक होता है लेकिन मतदाताओं को सही तथ्यों से अवगत कराने और विपक्ष द्वारा दी जा रही गलत जानकारी से सचेत करने की जिम्मेदारी भी भाजपा कार्यकर्ताओं की है।
राठौड़ ने कहा कि युवा राजनीति में आगे आएं, उनकी भागीदारी बढ़े, वे प्रशिक्षित हों और जनप्रतिनिधि बनकर लोकसेवा के मिशन में जुटें, इसके लिए भाजपा अपने युवा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित भी करती है तथा अवसर भी देती है।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी अपने वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में आगे बढ़े और जनसेवा के लिए समर्पित हो, यह पार्टी की प्राथमिकता है।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र