पूर्व नौकरशाह का बेटा फर्जी अधिकारी बन लाखों की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार

Ads

पूर्व नौकरशाह का बेटा फर्जी अधिकारी बन लाखों की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 08:15 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 08:15 PM IST

देहरादून, 16 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड में एक सेवानिवृत्त नौकरशाह के बेटे को फर्जी अधिकारी बनकर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आर यशोवर्धन (35) को पुलिस में दर्ज विभिन्न शिकायतों की जांच के आधार पर मसूरी रोड से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, देहरादून के डाकरा निवासी अंशुल उपाध्याय ने आठ जुलाई को राजपुर पुलिस थाने में यशोवर्धन के खिलाफ उनसे उनकी दिवंगत मां के नाम पर एक कंपनी का पंजीकरण जल्द करवाने के लिए 15 लाख रुपये लेने की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस के अनुसार, कैनाल रोड की रहने वाली डॉ. अनुषा ने 15 जुलाई को योशवर्धन के खिलाफ रक्षा मंत्रालय में डेटा साइंस सलाहकार की नौकरी दिलाने के एवज में 4.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने बताया कि शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए यशोवर्धन के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर मामलों की जांच शुरू की गई और साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, यशोवर्धन लोगों को झांसे में लेने के लिए खुद को कभी आईपीएस अधिकारी तो कभी वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, कभी रॉ एजेंट, कभी सीआरपीएफ अधिकारी और कभी अन्य एजेंसियों का वरिष्ठ अधिकारी बताता था।

पुलिस ने बताया कि यशोवर्धन के पास से विभिन्न एजेंसियों के पांच फर्जी पहचान पत्र, आठ फर्जी विजिटिंग कार्ड, पुलिस और सेना के 25 लोगो, सेना और अर्धसैनिक बलों की तीन जोड़ी वर्दियां भी बरामद हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी का बेटा है और उसका बचपन से ही अधिकारी बनने का सपना था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसने कई वर्षों तक यूपीएससी परीक्षा की तैयारी की, लेकिन सफल नहीं हो पाया, जिसके बाद उसने खुद को पुलिस और अन्य एजेंसियों का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ना शुरू कर दिया और उससे जालसाजी एवं धोखाधड़ी करने लगा।

पुलिस ने बताया कि यशोवर्धन ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि वह अब तक कई लोगों के साथ धोखाधड़ी कर चुका है।

भाषा

दीप्ति पारुल

पारुल