कांग्रेस से निष्कासित विधायक ममकूटाथिल को यौन उत्पीड़न मामले में जमानत मिली
कांग्रेस से निष्कासित विधायक ममकूटाथिल को यौन उत्पीड़न मामले में जमानत मिली
पथनमथिट्टा (केरल), 28 जनवरी (भाषा) केरल की एक अदालत ने कांग्रेस से निष्कासित विधायक राहुल ममकूटाथिल को उनके खिलाफ दर्ज यौन उत्पीड़न के तीसरे मामले में बुधवार को जमानत दे दी। इस मामले में उन्हें इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था।
पथनमथिट्टा जिला सत्र न्यायालय ने विधायक की जमानत मंजूर कर ली। अदालत विधायक द्वारा न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के खिलाफ दायर अपील पर विचार कर रही थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने उन्हें यह कहते हुए राहत देने से इनकार कर दिया था कि उनके खिलाफ आरोप गंभीर हैं और वह ‘‘पूर्व में भी इसी तरह के मामलों में आरोपी रहे हैं’’।
कोट्टायम जिले की एक महिला ने आठ जनवरी को ममकूटाथिल के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद पलक्कड़ विधायक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 (बलात्कार) और 506(1) (आपराधिक धमकी) के तहत यौन उत्पीड़न का तीसरा मामला दर्ज किया गया। उन्हें 11 जनवरी को पलक्कड़ में इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।
इससे पहले यौन उत्पीड़न के पूर्व के दो मामलों में केरल उच्च न्यायालय और तिरुवनंतपुरम की एक सत्र अदालत ने विधायक को गिरफ्तारी से संरक्षण प्रदान किया था। ये मामले दो अलग-अलग महिलाओं की शिकायतों के आधार पर दर्ज किए गए थे।
भाषा सुरभि संतोष
संतोष

Facebook


