हैदराबाद, 16 अगस्त (भाषा) हैदराबाद में छह लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से देवी लक्ष्मी की एक नकली पंचलोहा मूर्ति तथा एक गुलाबी रंग का पत्थर जब्त किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इन वस्तुओं में दिव्य शक्तियां और सौभाग्य प्रदान करने वाले गुण होने का झूठा दावा कर उन्हें बेचने की योजना बनाई थी।
पुलिस उपायुक्त (विशेष कार्यबल) गायकवाड़ वैभव रघुनाथ ने एक विज्ञप्ति में बताया कि पुलिस टीम ने 15 अगस्त को काटेदान में छह आरोपियों को उस समय पकड़ लिया, जब वे कथित तौर पर संभावित खरीदारों को मूर्ति और गुलाबी रंग का पत्थर बेचने का प्रयास कर रहे थे।
विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपियों में चार कार चालक, एक मजदूर और एक ज्योतिषी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक ने 2024 में 10 लाख रुपये में यह नकली मूर्ति हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने मूर्ति और पत्थर के लिए संभावित खरीदारों को खोजने के लिए एक समूह बनाया था।
विज्ञप्ति में बताया गया कि मामले में जांच के लिए आरोपियों और उनके पास से जब्त की गई सामग्री को मैलारदेवपल्ली थाना प्रभारी (एसएचओ) को सौंप दिया गया है।
पंचलोहा से तात्पर्य पांच धातुओं से बनी एक पवित्र मिश्रधातु से है, जिसका उपयोग पारंपरिक रूप से हिंदू मंदिर की मूर्तियों और धार्मिक प्रतीकों को बनाने के लिए किया जाता है।
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप