दिल्ली के सुल्तानपुरी में हवा में गोलियां चलाई गईं, प्राथमिकी दर्ज
दिल्ली के सुल्तानपुरी में हवा में गोलियां चलाई गईं, प्राथमिकी दर्ज
नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक मोमो स्टॉल में तोड़फोड़ करने के बाद कथित तौर पर लोगों के एक समूह ने हवा में गोलियां चलाईं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
गोलीबारी का कारण दो समूहों के बीच जारी दुश्मनी को बताया गया है।
बुधवार रात करीब 10.44 बजे सुल्तानपुरी पुलिस थाने को गोलीबारी की सूचना मिली। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां उन्हें मोमो का स्टॉल चलाने वाला व्यक्ति मिला।
सुल्तानपुरी निवासी इरफान (29) ने पुलिस को बताया कि वह अपने स्टॉल पर था कि अचानक कुछ लोग आए और खाने-पीने की चीजें तथा मोमो फेंकने लगे और हंगामा करने लगे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “उनमें से एक ने हवा में गोली चलाई और फिर सभी मौके से फरार हो गए।” जांच के दौरान पुलिस को एक खाली कारतूस मिला, जिससे घटना में हथियार के इस्तेमाल की पुष्टि हुई।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गोलीबारी दो समूहों के बीच लंबे समय से चली आ रही व्यक्तिगत दुश्मनी की वजह से हुई हो सकती है, जो हाल ही में सोशल मीडिया पर हुई झड़पों के माध्यम से और बढ़ गई थी।
अधिकारी ने कहा, “शिकायतकर्ता और आरोपी एक दूसरे को जानते हैं तथा उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनकी पहचान स्थापित हो चुकी है।”
सुल्तानपुरी पुलिस थाने में 19 मार्च को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें जान को खतरा पैदा करना और आपराधिक कृत्य से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


