नोएडा, 11 जुलाई (भाषा) नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने सेक्टर-2 के डी-ब्लॉक स्थित एक कंपनी में छापेमारी कर यह कार्रवाई की और मौके से पांच मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, छह चेक बुक, 160 कॉलिंग डाटा शीट, बिलिंग बुक और इंटरनेट राउटर सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर अवैध कॉल सेंटर संचालित कर लोगों को फोन के माध्यम से लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पवन कुमार, मोहित, हर्ष शर्मा, स्वाती और प्रीति को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भोले-भाले लोगों को फोन कर उन्हें आसान शर्तों पर लोन दिलाने का लालच देते थे और विभिन्न शुल्क के नाम पर उनसे लाखों रुपये ठग लेते थे।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा ठगी के नेटवर्क की जांच कर रही है।
भाषा सं रंजन
रंजन