होली पर हुए झगड़े में शामिल लोग पांच दशक पुराने पड़ोसी, लंबे समय से रहा था विवाद: दिल्ली पुलिस

Ads

होली पर हुए झगड़े में शामिल लोग पांच दशक पुराने पड़ोसी, लंबे समय से रहा था विवाद: दिल्ली पुलिस

  •  
  • Publish Date - March 7, 2026 / 06:52 PM IST,
    Updated On - March 7, 2026 / 06:52 PM IST

नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली पर दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए झगड़े में 26-वर्षीय युवक की मौत के सिलसिले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इन परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद जारी था।

इलाके में चार मार्च को हुई इस घटना के बाद तनाव फैल गया और पिछले दो दिनों से हो रहे विरोध प्रदर्शनों के दौरान कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर आग लगा दी गई, इसके बाद भारी संख्या में पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजकर नौ मिनट पर जेजे कॉलोनी इलाके में अलग-अलग समुदायों के पड़ोसियों के बीच झगड़े की सूचना उत्तम नगर थाने को मिली थी।

द्वारका के पुलिस उपायुक्त कुशलपाल सिंह ने बताया कि दोनों पड़ोसी परिवार पिछले पांच दशकों से एक-दूसरे को जानते थे और पार्किंग एवं कचरे जैसी कई बातों को लेकर उनके बीच लगातार विवाद होते रहते थे।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह विवाद उस समय हुआ, जब परिवार की एक लड़की द्वारा गलती से फेंका गया पानी से भरा एक गुब्बारा दूसरे परिवार की एक महिला को लग गया और उसके कपड़े पर रंग फैल गया।

इसके बाद दोनों परिवारों के सदस्य सड़क पर जमा हो गए और आपस में मारपीट करने लगे।

पुलिस के मुताबिक, झड़प में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के पांच लोग घायल हुए थे, जिनमें से अधिकतर को उसी दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि तरुण (26) को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 और तीन (पांच) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया एवं एक नाबालिग को हिरासत में लिया।

अधिकारी ने बताया, “पांच मार्च को तरुण (26) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद मामले में हत्या से संबंधित धारा जोड़ी गई।”

उन्होंने बताया कि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या छह हो गई है, जबकि एक नाबालिग हिरासत में है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान तीन भाइयों उमरदीन (49), जुम्मादीन (36) व कमरुद्दीन (36) के साथ-साथ मुस्ताक (46), मुजफ्फर (25), ताहिर (18) और एक नाबालिग के रूप में हुई है।

पुलिस ने निवासियों से अफवाहों पर विश्वास न करने और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि घटना को अलग रंग देने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि इलाके में स्थिति नियंत्रण में है।

उत्तम नगर में शुक्रवार को उस समय तनाव और बढ़ गया, जब एक कार एवं एक मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई और दक्षिणपंथी राजनीतिक संगठनों के विरोध प्रदर्शन के कारण कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। यह विरोध प्रदर्शन युवक की मौत के विरोध में किया गया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने उत्तम नगर पूर्व मेट्रो स्टेशन के नीचे विरोध प्रदर्शन किया, जिससे मुख्य सड़क अवरुद्ध हो गई तथा यातायात ठप हो गया।

दक्षिणपंथी संगठन हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश