दुबई, सात मार्च (एपी) ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने पड़ोसी देशों पर ईरान के हमलों के लिए शनिवार को माफी मांगी, जबकि उसी दौरान उनके मिसाइल और ड्रोन खाड़ी अरब देशों की ओर बढ़ रहे थे।
गत 28 फरवरी को हुए हवाई हमले में युद्ध शुरू होने और सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद से ईरान की त्रिपक्षीय नेतृत्व परिषद के एक सदस्य, राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने यह संदेश ठीक एक सप्ताह बाद दिया।
उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बार-बार आत्मसमर्पण की मांगों को भी खारिज कर दिया।
ईरान की राजधानी तेहरान में शनिवार तड़के कई विस्फोट हुए, जिनसे आसमान में काले धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल की ओर मिसाइलें दागीं।
पेजेश्कियान के संदेश के तुरंत बाद, ट्रंप ने शनिवार को चेतावनी दी कि युद्ध में ईरान के और भी अधिकारियों को निशाना बनाया जायेगा और ‘‘आज ईरान पर जबरदस्त प्रहार किया जायेगा।’’
ट्रंप ने अपनी वेबसाइट ‘ट्रुथ सोशल’ पर ये टिप्पणियां कीं, जिसमें उन्होंने तेहरान के हमलों को लेकर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान द्वारा पड़ोसी देशों से माफी मांगने का जिक्र किया।
ट्रंप ने लिखा, ‘‘ईरान के खराब व्यवहार के कारण अब ऐसे इलाकों और लोगों के समूहों को भी निशाना बनाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है, जिन्हें अब तक निशाना बनाने के लिए नहीं सोचा गया था।’’
पेजेश्कियान ने शनिवार को कहा कि अमेरिका द्वारा बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग एक ऐसा ‘‘ख्वाब है, जिसे उन्हें अपनी कब्र तक साथ ले जाना चाहिए।’’
राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने यह टिप्पणी सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक पूर्व ‘रिकॉर्डेड’ संबोधन में की।
उन्होंने क्षेत्र के देशों पर ईरान के हमलों के लिए माफी भी मांगी और कहा कि तेहरान हमलों को रोक देगा। उन्होंने संकेत दिया कि ये हमले सैन्य अधिकारियों के बीच सूचनाओं के गलत संचार के कारण हुए थे।
क्षेत्र में लड़ाई खत्म होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के प्रशासन ने इज़राइल को 15.1 करोड़ डॉलर के नए हथियारों की बिक्री को मंजूरी दे दी। ट्रंप ने कहा कि ईरान के ‘‘बिना शर्त आत्मसमर्पण’’ करने तक उससे कोई बातचीत नहीं होगी। वहीं, संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत ने कहा कि देश अपनी रक्षा के लिए ‘‘हर जरूरी कदम’’ उठाएगा।
एक वीडियो फुटेज में पश्चिमी तेहरान के ऊपर विस्फोटों से धुएं के गुबार दिखाई दिए, जबकि इजराइल ने कहा कि उसने व्यापक हमलों का नया दौर शुरू किया है। इजराइली सेना ने कहा कि वह ईरान से दागी गई नयी मिसाइलों को रोकने की कोशिश कर रही है।
ईरान के हमलों के बाद बहरीन में शनिवार सुबह सायरन बजे। सऊदी अरब ने कहा कि उसने अपने विशाल शायबह तेल क्षेत्र की ओर बढ़ रहे ड्रोन नष्ट कर दिए और प्रिंस सुल्तान एयर बेस की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया।
इस बीच, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के अनुसार, रूस ने ईरान को ऐसी जानकारी दी है, जिससे वह क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी युद्धपोतों, विमानों और अन्य सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकता है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से फोन पर बात कर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर संवेदना जताई।
कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने चेतावनी दी कि यह युद्ध वैश्विक अर्थव्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है और खाड़ी क्षेत्र से ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने पर तेल की कीमत 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है।
शुक्रवार को अमेरिकी कच्चे तेल की कीमत दो वर्षों में पहली बार 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चली गई।
इस संघर्ष में अब तक ईरान में कम से कम 1,230 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लेबनान में 200 से अधिक और इजराइल में लगभग 11 लोग मारे गए हैं। छह अमेरिकी सैनिक भी इस संघर्ष में जान गंवा चुके हैं।
एपी
देवेंद्र दिलीप
दिलीप