दीवार ढहने की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत
दीवार ढहने की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत
लखीमपुर खीरी/अमेठी/बाराबंकी(उप्र), 26 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी, अमेठी और बाराबंकी जिलों में दीवार ढह जाने की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गयी तथा पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि लखीमपुर खीरी जिले में नीमगांव थानाक्षेत्र के रहमत नगर गांव में शनिवार तड़के एक कच्चे मकान की मिट्टी की दीवार ढहने से उसके मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन व्यक्तियों की मृत्यु हो गई।
पुलिस के मुताबिक अमेठी में जामोंथाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव में रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते शनिवार सुबह एक कच्चे मकान की दीवार ढहने से मलबे में दबकर एक महिला की मृत्यु हो गई।
लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाने के प्रभारी प्रवीण गौतम ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहन कश्यप (50), उसकी पत्नी कविता (45) और बेटा अनिल (6) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घटना के समय परिवार के लोग अपनी घर में सो रहे थे।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मदद से मलबे से शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया । इस मामले में विधिक कार्यवाही चल रही है।
इस बीच, अमेठी के जामों थाने के प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह ऊषा देवी (32) अपने घर के पीछे कच्ची पुरानी दीवार के बगल में बंधी भैंस खोलने अपने पति रामकुमार पासी के साथ गई थी। उन्होंने कहा कि अचानक दीवार गिरने से ऊषा देवी मलबे में दब गई जिससे उसकी मृत्यु हो गयी।
इसी तरह, बाराबंकी के थाना रामनगर क्षेत्र के गोपालपुर में बीती रात घर की कच्ची दीवार ढहने से उसमें दबकर 38 वर्षीय सुनीता देवी की मृत्यु हो गई। सुनीता के तीन बच्चे रवि (17), आकाश (13) और प्रियंका (9) हैं।
थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
बाराबंकी में मोहम्मदपुर खाला थानाक्षेत्र के छेदा बाजार गांव में शनिवार को दूधकर बेचकर मोटरसाइकिल से घर वापस आ रहे 45 वर्षीय संजय वर्मा के ऊपर सड़क किनारे खड़ा पेड़ गिर गया जिसके नीचे दबकर वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
भाषा सं राजेंद्र
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


