हरीश रावत गले में ‘मां’ की तस्वीर पहनकर ईडी कार्यालय पहुंचे

हरीश रावत गले में 'मां' की तस्वीर पहनकर ईडी कार्यालय पहुंचे

हरीश रावत गले में ‘मां’ की तस्वीर पहनकर ईडी कार्यालय पहुंचे
Modified Date: September 26, 2026 / 03:59 pm IST
Published Date: September 26, 2026 3:59 pm IST

(फोटो के साथ)

देहरादून, 26 सितंबर (भाषा) वरिष्ठ कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत 2016 में एक भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए शनिवार को यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पहुंचे।

इस दौरान रावत ने अपनी मां की तस्वीर अपने गले में पहन रखी थी जिस पर ‘मां’ लिखा था । उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर कहा कि कि अपनी मां, मां जगदंबा और धरती माता का स्मरण कर मां का आशीर्वाद लेकर वह ईडी कार्यालय पहुंचे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने किसी को नहीं बुलाया है और केवल अपनी मां को लेकर आए हैं।

यह मामला उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा 2016 में आयोजित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीपीडीओ) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है जिसके संबंध में हाल में ईडी ने उनके ओएसडी चंदन सिंह जीना के घर पर भी छापे मारे थे और बड़ी मात्रा में नकदी और गहने बरामद किए थे।

एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में रावत ने कहा कि ईडी ने दो दिन पहले उन्हें नोटिस दिया जो शायद 2016 के प्रकरण से संबंधित हैं तथा उस सिलसिले में चंदन जीना के घर पर भी छापा मारा गया है ।

उन्होंने कहा कि दो दिन पहले हाजिर होने को कहा गया और बहुत सारे दस्तावेज मांगे गए हैं जिनमें उनके पुराने आईटीआर और उनकी तथा परिवार के सदस्यों की संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैं ।

रावत ने सवाल उठाया, ‘‘अब परिवार का क्या आशय है, उसके अंदर कौन-कौन लोग आएंगे, कुछ जानकारी नहीं है। हमारा बड़ा विस्तृत परिवार है‌। लड़कियों की शादियां हो चुकी हैं, ऐसे में सबके दस्तावेज इतने कम समय में कैसे जुटाए जाएंगे?’’

इस माह की शुरूआत में जीना के घर पर छापा पड़ने के बाद, रावत ने अपने सभी पार्टी पदों को छोड़ने की इच्छा व्यक्त की थी ।

भाषा दीप्ति राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में