चोरी के डर से खेत में दबाए पांच लाख, दीमक ने नोटों को किया बर्बाद

चोरी के डर से खेत में दबाए पांच लाख, दीमक ने नोटों को किया बर्बाद

चोरी के डर से खेत में दबाए पांच लाख, दीमक ने नोटों को किया बर्बाद
Modified Date: August 10, 2026 / 05:27 pm IST
Published Date: August 10, 2026 5:27 pm IST

जोधपुर, 10 अगस्त (भाषा) राजस्थान के बालोतरा जिले में एक किसान कथित तौर पर खेत में पांच लाख रुपये नकद मिट्टी के नीचे दबाकर भूल गया कि उसने ये पैसे कहां छिपाये हैं लेकिन अब उसे बुवाई के दौरान ये पैसे मिल गये हैं।

हालांकि किसान का कहना है कि ये पैसे दीमक लगने से खराब हो गए हैं।

पचपदरा के मांगीलाल मेघवाल ने बताया कि उसने जमीन बेचकर मिले पांच लाख रुपये से नेवई गांव में अपने कृषि क्षेत्र में एक कमरा बनवाने की योजना बनाई थी।

किसान ने बताया कि चोरी होने या परिवार के सदस्यों द्वारा रकम खर्च किए जाने के डर से उसने पांच लाख रुपये पॉलीथिन की थैली में रखे तथा अपनी पत्नी एवं बेटों को बताए बिना खेत में एक गड्ढा खोदकर उसे दबा दिया।

किसान का कहना है कि बाद में उसे वह जगह ठीक से याद नहीं रही, जहां उसने रुपये दबाए थे। इसके बाद उसने करीब 10 बीघा क्षेत्र में कई दिनों तक रकम की तलाश की, लेकिन उसे रुपये नहीं मिले।

इसके बाद मेघवाल ने अपनी पत्नी और बेटों को खेत में रुपये दबाने की जानकारी दी। परिवार के सदस्यों ने भी काफी तलाश की, लेकिन रकम नहीं मिली और अंततः उन्होंने तलाश बंद कर दी।

हाल में हुई बारिश के बाद परिवार ने खेत में बुवाई की तैयारी शुरू की। शुक्रवार को ट्रैक्टर से खेत की जुताई के दौरान जमीन में दबाई गई पॉलीथिन की थैली बाहर निकल आई। परिवार को उसमें रुपये मिले, लेकिन तब तक नोट काफी खराब हो चुके थे।

किसान ने बालोतरा में संवाददाताओं को बताया कि नोट क्षतिग्रस्त हालत में मिले हैं। उसने कहा कि नोटों के सीरियल नंबर भी खराब हो गए हैं।

किसान ने कहा कि स्थानीय बैंक शाखा के अधिकारियों ने उसे नोट बदलवाने के लिए जयपुर जाने की सलाह दी है।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में