नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें 33 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना रिंग रोड पर एक अस्पताल के पास शुक्रवार शाम को लगभग छह बजे हुई।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गया।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘टक्कर में ई-रिक्शा चालक और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक की पहचान रोहिणी निवासी और जी बी (गोविंद वल्लभ) पंत अस्पताल में वरिष्ठ रेजिडेंट (रेडियोलॉजिस्ट) डॉ. सिद्धार्थ के रूप में हुई है। कार चालक सभी घायलों को विनायक अस्पताल ले गया।’
पुलिस ने बताया कि इलाज के दौरान ई-रिक्शा चालक नागेंद्र चौरसिया ने दम तोड़ दिया।
उसने बताया कि चौरसिया बिहार के पटना का रहने वाला था और दिल्ली के मुकुंदपुर में किराए के मकान में रहता था। उसके परिवार में पत्नी एवं तीन बच्चे हैं और वह परिवार का इकलौते कमाने वाला सदस्य है।
बयान में कहा गया, “महिलाओं और बच्चों समेत घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।”
बयान में यह भी कहा गया है कि दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर लिया गया है और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
मृतक के परिवार वालों ने लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना तरीक से गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए कार चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी