पश्चिम एशिया संघर्ष से हवाई क्षेत्र बाधित, केरल से खाड़ी देशों के लिए उड़ानें प्रभावित

Ads

पश्चिम एशिया संघर्ष से हवाई क्षेत्र बाधित, केरल से खाड़ी देशों के लिए उड़ानें प्रभावित

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 07:10 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 07:10 PM IST

कोच्चि, 28 फरवरी (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कई विमानन कंपनियों द्वारा सेवाएं रद्द किए जाने के बीच केरल के हवाई अड्डों से खाड़ी देशों के लिए उड़ान परिचालन प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

‘कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड’ (सीआईएएल), तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (टीआईएएल), कन्नूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (केआईएएल) तथा कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों ने क्षेत्र में हवाई क्षेत्र संबंधी पाबंदियों के कारण उड़ान रद्द होने और देरी की संभावना को लेकर यात्रियों के लिए अलग-अलग परामर्श जारी किए हैं।

कोच्चि के सीआईएएल में प्रवक्ताओं ने बताया कि शनिवार शाम और रात के लिए निर्धारित इंडिगो की दोहा, दुबई, रस अल खैमा और अबू धाबी जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गईं।

अधिकारियों ने बताया कि शारजाह के लिए एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान के संचालन में देरी हुई।

प्रवक्ता ने बताया कि कोच्चि से मस्कट जा रही ओमान एयर की एक उड़ान अपराह्न 2.25 बजे रवाना हुई थी लेकिन वह अपराह्न करीब 3.40 बजे हवाई अड्डे पर लौट आई। उन्होंने बताया कि कोच्चि से अबू धाबी जाने वाली एतिहाद एयरवेज की एक उड़ान में भी देरी हुई।

सीआईएएल ने बताया कि दुबई से कोच्चि आने वाली इंडिगो की एक उड़ान के रद्द होने की पुष्टि हुई है।

सीआईएएल के प्रवक्ता ने बताया कि सुदूर पूर्व के देशों और श्रीलंका के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।

टीआईएएल के प्रवक्ता ने बताया कि तिरुवनंतपुरम से दोहा और दुबई के लिए एअर इंडिया एक्सप्रेस की सेवाएं रद्द कर दी गईं।

अधिकारी ने बताया कि तिरुवनंतपुरम से अबू धाबी जा रही एयर अरेबिया की एक उड़ान को हवाई क्षेत्र बंद होने के बाद हवाई अड्डे पर लौटना पड़ा।

कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों ने भी दुबई, जेद्दा और अबू धाबी जाने वाली इंडिगो की उड़ानें रद्द किए जाने की घोषणा की।

अधिकारियों ने बताया कि कालीकट से दुबई, रियाद, जेद्दा और दम्माम के लिए एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें भी रद्द कर दी गईं तथा कालीकट से कतर के लिए सभी उड़ानें अगली सूचना तक निलंबित कर दी गई हैं।

केआईएएल के अधिकारियों ने बताया कि कन्नूर से दुबई के लिए एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें और अबू धाबी के लिए इंडिगो की उड़ानें व्यवधान के कारण रद्द कर दी गईं।

भाषा सिम्मी माधव

माधव