पणजी, 14 मई (भाषा) पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के विवेकपूर्ण इस्तेमाल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या को आधा कर दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुख्यमंत्री के काफिले में पहले छह वाहन थे, लेकिन अब उनकी कार सहित केवल तीन वाहन रह गए हैं।
अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री द्वारा अपनाए गए मितव्ययिता उपायों के बाद मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का निर्देश दिया है।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के अधिक विवेकपूर्ण इस्तेमाल की अपील करने के कुछ दिन बाद अपने काफिले के वाहनों की संख्या काफी कम कर दी है, जिसके बाद कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं ने भी इसी तरह के कदम उठाए हैं।
भाषा गोला वैभव
वैभव