बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से ओडिशा में 20 जुलाई तक बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से ओडिशा में 20 जुलाई तक बारिश के आसार
भुवनेश्वर, 17 जुलाई (भाषा) भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि यह मौसम प्रणाली शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, उससे सटे झारखंड और उत्तरी ओडिशा के ऊपर बनी रही। इसके अगले 24 घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि शनिवार को सुंदरगढ़, क्योंझर, मयूरभंज, नुआपाड़ा और बोलांगीर जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
मनोरमा ने बताया कि रविवार को क्योंझर और मयूरभंज जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि सोमवार को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, क्योंझर और मयूरभंज जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, राज्य के कई अन्य हिस्सों में 22 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
आईएमडी के अनुसार, शुक्रवार को मयूरभंज जिले के बारिपदा में सबसे अधिक 34.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मौजूदा मानसून सत्र में शुक्रवार तक ओडिशा में औसतन 446.9 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य औसत 382.8 मिलीमीटर से 17 प्रतिशत अधिक है।
भाषा प्रचेता माधव
माधव

Facebook


