राजस्थान पुलिस ने विशेष अभियान के तहत 61,000 से अधिक वाहनों की जांच की
राजस्थान पुलिस ने विशेष अभियान के तहत 61,000 से अधिक वाहनों की जांच की
जयपुर, 17 जुलाई (भाषा) राजस्थान पुलिस ने राज्यव्यापी अभियान के तहत एक ही दिन में 61 हजार से अधिक वाहनों की जांच की और इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर 13,700 से ज्यादा चालान काटे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अतिरिक्त महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) वी. के. सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हाल में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह महाअभियान चलाया गया।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा द्वारा जारी विशेष दिशा-निर्देशों के तहत बृहस्पतिवार को राज्य के सभी जिलों में एक साथ सुनियोजित नाकाबंदी की गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस महाअभियान के तहत राज्यभर में कुल 912 रणनीतिक स्थानों पर सघन नाकाबंदी और जांच की गई। पुलिस दलों ने दिनभर में 32,732 दुपहिया और 29,177 चौपहिया वाहनों सहित कुल 61,909 वाहनों को रोककर उनकी सघन तलाशी ली।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 13,761 चालान काटे गए।
इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 4,554 चालकों और सीट बेल्ट लगाए बिना कार चलाने वाले 1,192 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा 334 चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए, जबकि वाहनों के शीशों पर अवैध रूप से काली ‘फिल्म’ लगाने वाले 1,428 चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि नाकाबंदी के दौरान गंभीर अपराधों से जुड़े विभिन्न मामलों में कुल 83 लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि 169 संदिग्धों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया गया।
भाषा पृथ्वी सिम्मी
सिम्मी

Facebook


