छत्तीसगढ़ में महिला की हत्या के बाद शव के टुकड़े नदी के पास फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ में महिला की हत्या के बाद शव के टुकड़े नदी के पास फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
बेमेतरा, 17 जुलाई ( भाषा) छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में 50 वर्षीय एक महिला की कथित हत्या और उसके शव के टुकड़े कर शिवनाथ नदी के पास फेंकने के आरोप में शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि चंदनू थाना क्षेत्र के सोनपुरी गांव निवासी राम प्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली (42) पर महिला की हत्या के बाद उसके शव के साथ दुष्कर्म करने का भी आरोप है।
अधिकारी ने बताया कि दुकलाहिन बाई बंजारे सात जुलाई से लापता थीं। वह रायपुर में अपने परिवार के साथ रहती थीं, लेकिन खेती के काम से अकेले अपने पैतृक गांव सोनपुरी गई थीं।
उन्होंने बताया कि नौ जुलाई को महिला के बेटे को तुमा गांव में शिवनाथ नदी के किनारे अमरैया नाला के पास कपड़े की कुछ पोटलियां मिलीं, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
अधिकारी ने बताया कि मौके से महिला के शव के टुकड़े बरामद किए गए। इसके बाद फॉरेंसिक विशेषज्ञों और श्वान दस्ते की मदद से जांच शुरू की गई।
उन्होंने बताया, ‘लगातार जांच, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस सोनवानी तक पहुंची। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि छह जुलाई की रात वह महिला के घर दुष्कर्म करने की नीयत से घुसा था। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने फावड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।’
अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने इसके बाद महिला के शव के साथ दुष्कर्म किया और घर में मौजूद लकड़ी काटने वाली आरी से शव के टुकड़े किए। उसने शव के हिस्सों को अलग-अलग कपड़ों में लपेटकर अगले दिन रात में साक्ष्य मिटाने की नीयत से शिवनाथ नदी के किनारे फेंक दिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी की महिला के पति से पुरानी रंजिश थी। उसने महिला के घर से 2,500 रुपये भी चुरा लिए थे, जिनमें से 500 रुपये जांच के दौरान बरामद किए गए। पूछताछ के बाद हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, आरी और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि सोनवानी वर्ष 2017 में इसी गांव की एक अन्य महिला की हत्या के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
राखी संतोष
संतोष

Facebook


