नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को तेलंगाना के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी और कहा कि इस प्रदेश का गठन भारत की लोकतांत्रिक यात्रा में एक निर्णायक क्षण है।
तेलंगाना का गठन दो जून, 2014 को आंध्र प्रदेश से अलग कर भारत के 29वें राज्य के रूप में किया गया था।
खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘तेलंगाना स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर, हम तेलंगाना के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। यह राज्य लाखों लोगों के त्याग और अटूट आकांक्षाओं से पैदा हुआ है।’
उन्होंने कहा कि तेलंगाना का गठन भारत की लोकतांत्रिक यात्रा में एक निर्णायक क्षण है।
खरगे ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के नेतृत्व में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार ने लोगों की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाओं का सम्मान किया और भारत के सबसे युवा राज्य के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उनका कहना है, ‘इस पवित्र दिन पर, हम उन अनगिनत शहीदों, छात्रों, युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देते हैं जिनके बलिदान और संघर्ष ने तेलंगाना को वास्तविकता बनाया। उनका साहस और प्रतिबद्धता हमेशा राज्य की आत्मा में अंकित रहेगी।’
उन्होंने कहा कि आज, तेलंगाना में कांग्रेस सरकार एक सच्चे ‘प्रजाला तेलंगाना’ की दिशा में दृढ़ता से काम कर रही है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के कुछ अन्य नेताओं ने भी तेलंगाना के स्थापना दिवस पर प्रदेश के लोगों को बधाई दी।
भाषा हक मनीषा
मनीषा