प.बंगाल : तृणमूल पंचायत प्रमुख अपने घर में फंदे पर लटके मिले, जांच जारी

Ads

प.बंगाल : तृणमूल पंचायत प्रमुख अपने घर में फंदे पर लटके मिले, जांच जारी

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 12:03 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 12:03 PM IST

कोलकाता, दो जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के एक पंचायत प्रमुख अपने घर में फंदे पर लटके पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बदुरिया क्षेत्र के जदुरहाटी उत्तर ग्राम पंचायत के मुखिया जाहिदुल हक वैद्य के रूप में हुई है।

बदुरिया थाने के एक अधिकारी ने बताया कि वैद्य का शव मंगलवार सुबह उनके घर के एक कमरे की छत से फंदे पर लटका हुआ मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह जांच की जा रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी मौत किसी अन्य परिस्थिति में हुई है।

इस घटना से इलाके में हलचल मच गई है। स्थानीय निवासियों ने हाल में वैद्य पर भ्रष्टाचार और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे।

उन्होंने बताया कि 31 मई को स्थानीय लोगों के एक समूह ने उनके घर के सामने प्रदर्शन भी किया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया था कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत खरीदे गए बैटरी चालित कचरा संग्रहण वाहन को बेचकर प्राप्त धन का दुरुपयोग किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने मामले की जांच और वैद्य की गिरफ्तारी की मांग की थी।

पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा