तूतीकोरिन (तमिलनाडु), दो जून (भाषा) नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी महिला को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उसे एक कार से रामनाथपुरम जिले के एरवाडी ले गए जिसके बाद उन्होंने महिला को नशीला पदार्थ मिला शीतल पेय दिया और फिर उसका यौन उत्पीड़न किया।
उसने बताया कि पीड़िता की शिकायत के बाद श्रीवैकुंटम महिला थाना पुलिस ने बालासुब्रमण्यम (35) और जयपाल (28) को गिरफ्तार किया। दोनों को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) का पदाधिकारी बताया जा रहा है। उन्हें सोमवार को पलायमकोट्टई केंद्रीय कारागार में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की उप महासचिव कनिमोई ने इस घटना पर हैरानी जताई और महिलाओं को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया नहीं करा पाने को लेकर सत्तारूढ़ टीवीके की आलोचना की।
कनिमोई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आज जब महिलाओं की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा है, ऐसे में मुख्यमंत्री विजय कब द्रमुक को दोष देना बंद करेंगे और यह समझेंगे कि अब राज्य की सत्ता में वह हैं तथा उन्हें जिम्मेदारी से काम करना चाहिए।’’
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा