जैसलमेर, दो जून (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर जिले में सोमवार देर रात तेज अंधड़ के दौरान रिसॉर्ट की दीवार गिरने से युवा लोक कलाकार की मौत हो गई व तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने यह जानकारी देते हुए मंगलवार को बताया कि यह हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर सम पर्यटन क्षेत्र में स्थित एक रिजॉर्ट में हुआ। तेज अंधड़ के कारण रिजॉर्ट की दीवार गिर गई और वहां मौजूद कई कलाकार उसके मलबे में दब गए।
मृतक की पहचान बैरिसियाला गांव के लोक कलाकार स्वरूप खान (25) के रूप में हुई है। हादसे में तीन अन्य कलाकार घायल हो गए जिनमें एक पुरुष और दो महिला नर्तक शामिल हैं।
घायलों को शुरू में एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में जैसलमेर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया।
भाषा सं. पृथ्वी मनीषा
मनीषा