पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के बेटे ने पिता को याद करते हुए कहा, हमने एक पथप्रदर्शक खो दिया

Ads

पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के बेटे ने पिता को याद करते हुए कहा, हमने एक पथप्रदर्शक खो दिया

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 12:04 AM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 12:04 AM IST

गांधीनगर, नौ जून (भाषा) अहमदाबाद में पिछले साल हुए एअर इंडिया विमान हादसे में जान गंवाने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के बेटे ऋषभ रूपाणी ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि परिवार के लिए उनके अचानक निधन को स्वीकार करना बेहद कठिन रहा।

ऋषभ ने कहा कि वह अपने पिता को अपना मार्गदर्शक मानते थे और उनके निधन के बाद परिवार ने उनकी यादों एवं आदर्शों को सकारात्मक दिशा देने के लिए एक फाउंडेशन स्थापित करने का फैसला किया है जो समाज के कल्याण के लिए काम करेगा।

ऋषभ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अनगिनत छोटी-छोटी बातों में मेरे पिता याद आते हैं… यह किसी के लिए आसान नहीं है। हमने एक परिवार के रूप में एक मार्गदर्शक, गुरु और पथप्रदर्शक खो दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘महत्वपूर्ण यह है कि हम इन यादों को कैसे संजोते हैं और इस ऊर्जा को समाज की भलाई के लिए सकारात्मक तथा रचनात्मक रूप से कैसे इस्तेमाल करते हैं।’’

विजय रूपाणी उन 260 लोगों में शामिल थे जिनकी पिछले साल 12 जून को एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण मौत हो गई थी। एअर इंडिया का यह विमान लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद अहमदाबाद में एक मेडिकल छात्रावास परिसर से टकरा गया था।

ऋषभ ने कहा, ‘‘उनकी (विजय रूपाणी की) यादों और आदर्शों को सकारात्मक दिशा देने के लिए हमने राजकोट में ‘श्री विजय रूपाणी मेमोरियल फाउंडेशन’ की स्थापना की है। इस फाउंडेशन का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण तथा सामाजिक उत्थान के लिए काम करना है।’’

विजय रूपाणी अगस्त 2016 से सितंबर 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे थे।

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष

शीर्ष 5 समाचार