पूर्व केंद्रीय मंत्री अबू हासेम खान चौधरी का निधन

Ads

पूर्व केंद्रीय मंत्री अबू हासेम खान चौधरी का निधन

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 09:38 AM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 09:38 AM IST

कोलकाता, नौ अप्रैल (भाषा) पूर्व केंद्रीय मंत्री अबू हासेम खान चौधरी का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण कोलकाता में निधन हो गया। चौधरी के परिवार ने यह जानकारी दी।

‘डालू’ के नाम लोकप्रिय चौधरी 89 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी और बेटा ईशा खान चौधरी हैं। ईशा मालदा दक्षिण से कांग्रेस के सांसद हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन के साथ ही मालदा जिले की राजनीति के एक युग का अंत हो गया, जहां वह दशकों तक एक प्रमुख चेहरा रहे।

कांग्रेस के दिग्गज नेता चौधरी लंबे समय से उम्र संबंधी कई बीमारियों से जूझ रहे थे। परिवार के अनुसार, बुधवार देर रात कोलकाता के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनका अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को मालदा में किया जाएगा।

मालदा के प्रतिष्ठित खान चौधरी परिवार में 12 जनवरी, 1938 को जन्मे डालू चौधरी ने अपने बड़े भाई एबीए गनी खान चौधरी के मार्गदर्शन में राजनीति में कदम रखा। एबीए गनी खान चौधरी भी पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे थे।

अपने भाई के निधन के बाद अबू हासेम खान परिवार के प्रमुख राजनीतिक नेता के रूप में उभरे और जिले में कांग्रेस की पकड़ बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।

वह 1996 से 2006 तक कालियाचक विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे और 2009 से लगातार तीन बार मालदा दक्षिण लोकसभा सीट से निर्वाचित हुए।

वह मनमोहन सिंह नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री रहे।

खराब स्वास्थ्य के कारण वह हाल के वर्षों में सक्रिय राजनीति से दूर हो गए थे और उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा। उन्होंने अपनी राजनीतिक विरासत अपने बेटे ईशा को सौंप दी।

उनकी रिश्तेदार मौसम बेनजीर नूर इस विधानसभा चुनाव में मालतीपुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी