तिरुवनंतपुरम में हत्या के आरोप में चार व्यक्ति गिरफ़्तार

Ads

तिरुवनंतपुरम में हत्या के आरोप में चार व्यक्ति गिरफ़्तार

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 05:48 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 05:48 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 27 जुलाई (भाषा) केरल में तिरुवनंतपुरम स्थित कैथामुक्कू के चंबाक्कडा इलाके में एक व्यक्ति की हत्या पहले से सोची-समझी साजिश के तहत की गई थी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हत्या से एक दिन पहले ही आरोपियों ने कथित तौर पर हथियार और गाड़ी का इंतजाम करके साजिश रची थी।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अलेक्जेंडर थैंकाचन ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मामले में सभी चार आरोपियों प्रदीप उर्फ ‘पथु’ प्रदीप, विनीत, नजीर खान और शिवप्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हत्या की पहले से योजना बनाई गई थी। एक दिन पहले ही हथियारों और वाहन की व्यवस्था कर ली गई थी।’

पुलिस के मुताबिक, कैथमुक्कु निवासी पीड़ित विशाख की रविवार को उसके घर के सामने धारदार हथियारों से कथित तौर पर हमला करके हत्या कर दी गई थी। बाद में पुलिस ने चारों आरोपियों को पुलयनारकोट्टा इलाके के एक सुनसान स्थान से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि विशाख और मुख्य आरोपी प्रदीप पड़ोसी होने के साथ-साथ रिश्तेदार भी थे और दोनों के बीच लंबे समय से संपत्ति विवाद था। पुलिस ने बताया कि पिछले साल भी संपत्ति विवाद को लेकर विशाख ने कथित तौर पर प्रदीप की हत्या की कोशिश की थी, जिसके बाद उसके खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया था।

एसीपी ने बताया कि हत्या से दो दिन पहले विशाख और प्रदीप के एक रिश्तेदार के बीच हुई कहासुनी हुई थी।

पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपियों ने जांच को गुमराह करने की कोशिश की और हथियारों को एक लावारिस कार में रखकर ऐसा दिखाने का प्रयास किया कि उनका इस्तेमाल वारदात में किया गया था।

पुलिस ने मामले के संबंध में सात हथियार बरामद किए हैं और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रदीप के खिलाफ करीब सात आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें केरल असामाजिक गतिविधि रोकथाम अधिनियम (केएपीए) के तहत मामले भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, विनीत हत्या के एक अन्य मामले में आरोपी है। नजीर खान के खिलाफ भी पांच आपराधिक मामले हैं, जबकि शिवप्रसाद के खिलाफ करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

विशाख के परिवार द्वारा पुलिस पर पहले की धमकियों की शिकायतों को नजरअंदाज करने के आरोपों को एसीपी ने खारिज किया और कहा कि पहले की शिकायत की जांच की गई थी।

उन्होंने बताया कि बाद में अदालत में दायर शिकायत के आधार पर वाचियूर पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया।

भाषा

राखी अमित

अमित