नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सोमवार को सोशल मीडिया पर आईं उन खबरों का खंडन किया, जिनमें दावा किया गया था कि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया गया है।
इन दावों को पुलिस ने ‘‘पूरी तरह से गलत’’ बताया।
पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ये भ्रामक रिपोर्ट वर्तमान में विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित हो रही हैं, जिसमें दावा किया गया है कि अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। औपचारिक रूप से स्पष्ट किया जाता है कि ये आरोप पूरी तरह से झूठे हैं और वह मंच पर मौजूद हैं।’’
इससे पहले कॉजपा के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया था कि संगठन के संस्थापक दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
दास ने कहा, ‘‘दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हम सभी सांसदों से अनुरोध करते हैं कि वे तुरंत सड़कों पर उतरकर छात्रों के समर्थन में खड़े हों। पुलिस शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बेरहमी से कार्रवाई कर रही है और उनकी पिटाई कर रही है।’’
भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल