नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की क्षेत्रीय योजना-2041 के तहत संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने के लिए ‘नमो सिटीज़’ नाम से चार ग्रीनफील्ड शहर विकसित किए जाएंगे।
यह फैसला केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (एनसीआरपीबी) की बैठक में लिया गया।
क्षेत्रीय योजना-2041 के अनुसार, 2031 तक एनसीआर की शहरी आबादी लगभग 57 प्रतिशत और 2041 तक लगभग 67 प्रतिशत हो जाएगी।
खट्टर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बैठक में यह तय किया गया कि चार ग्रीनफील्ड शहर विकसित किए जाएंगे। इन शहरों को ‘नमो सिटीज़’ कहा जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि इन शहरों के लिए 5,000 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि राज्य अपने प्रस्ताव सौंपेंगे, जिनके आधार पर इन चार शहरों का चयन किया जाएगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश के शहरी विकास मंत्रियों ने बैठक में हिस्सा लिया।
मंगलवार को जिस मसौदा योजना पर चर्चा हुई, उसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में नए आर्थिक और रिहायशी केंद्र बनाकर विकेंद्रीकृत शहरी विकास की एक लंबी अवधि की रणनीति बताई गई है।
भाषा शफीक मनीषा
मनीषा