बवाना में युवक की हत्या के मामले में चार नाबालिग गिरफ्तार
बवाना में युवक की हत्या के मामले में चार नाबालिग गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के बावना इलाके में 23 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सुलझा लिया है और इस बाबत चार नाबालिगों को पकड़ा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर हत्याकांड को कथित रूप से अंजाम दिया।
यह घटना 28 जनवरी को तब सामने आई जब पुलिस को यूईआर-II के पास सेक्टर-5 में एक शव के पड़े होने की सूचना मिली।
पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें एक शव मिला जिसका गला धारदार हथियार से काटा गया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘मृतक की पहचान बाद में होलंबी खुर्द निवासी विक्की के रूप में हुई।’
पीड़ित के पिता रघुबीर सिंह के बयान के आधार पर नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘शुरुआत में, इस मामले में काफी चुनौतियां थीं क्योंकि तत्काल कोई सुराग नहीं मिला था और चश्मदीद गवाह भी नहीं थे जिससे यह एक रहस्यमय हत्या बन गई थी। पीड़ित 26 जनवरी से लापता था, जिसके दो दिन बाद उसका शव मिला था।”
मामले को सुलझाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में कई टीमें गठित की गईं। जांचकर्ताओं ने व्यापक जमीनी कार्रवाई की, जिसमें पीड़ित के आवास और आसपास के इलाकों से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना, तकनीकी निगरानी डेटा का विश्लेषण करना और मृतक से जुड़े कई लोगों से पूछताछ करना शामिल था।
अधिकारी ने कहा कि गवाहों से पूछताछ के दौरान एक अहम मोड़ आया, जब यह पता चला कि पीड़ित को आखिरी बार 26 जनवरी की शाम को आरोपी नाबालिगों में से एक के साथ देखा गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘हत्या के लगभग दो महीने बाद, 24 मार्च को पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि चार लोग आपस में घटना पर चर्चा कर रहे थे और अपनी भूमिका का खुलासा करने को लेकर विवाद में उलझे हुए थे।’
इस सूचना के आधार पर, पुलिस की एक टीम ने चारों संदिग्धों का पता लगाया और उन्हें हिरासत में लिया जिनकी उम्र 17 वर्ष है। लंबी पूछताछ के दौरान, नाबालिगों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
उन्होंने खुलासा किया कि उनमें से एक का पीड़ित के साथ पहले झगड़ा हुआ था, जो दुश्मनी का कारण बना। बदला लेने के लिए, समूह ने युवक की हत्या करने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित की सुनियोजित तरीके से हत्या की। उन्होंने चाकू से उसका गला काटकर उसकी हत्या कर दी और फिर पकड़े जाने से बचने के लिए शव को बवाना के एक सुनसान इलाके में फेंक दिया।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश

Facebook


