कन्नूर: केरल के कन्नूर जिले के कुदाली के पास कार के एक पेड़ से टकरा जाने की घटना में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। सभी लोग एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर हुआ, जब कार एक पेड़ से टकराकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में 20 से 23 वर्ष की आयु के पांच युवक सवार थे। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में केवल एक युवक जीवित बचा है, लेकिन उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। वह त्रिशूर का रहने वाला है। मट्टानूर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों में दो केरल के, एक हैदराबाद का और एक उत्तर प्रदेश का निवासी था।
उन्होंने बताया कि सभी बेंगलुरु से कन्नूर में अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे। अधिकारी ने कहा, ‘कार को हुए व्यापक नुकसान से पता चलता है कि हादसे के समय वाहन की रफ्तार काफी तेज थी।’ पुलिस ने बताया कि पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।