नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक सुरक्षा गार्ड के साथ लूटपाट करने और उसपर हमला करने के आरोप में चार नाबालिगों को पकड़ा गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घटना सोमवार रात रोहिणी के सेक्टर-23 के पास हुई जब सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत पीड़ित अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद घर जा रहा था।
अधिकारी ने कहा, “मोटरसाइकिल पर सवार चार आरोपियों ने पीड़ित को रोका। उनमें से एक ने कथित तौर पर उसे धमकाया और लोहे की रॉड से उस पर हमला किया और फिर उसका मोबाइल फोन, नकदी और उसका बैग लूट लिया जिसमें सुरक्षा गार्ड की वर्दी रखी थी।”
पीड़ित की शिकायत के आधार पर बेगमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने कहा कि मामले की सूचना मिलने के तुरंत बाद एक टीम ने जांच शुरू की।
तकनीकी निगरानी के आधार पर टीम ने संदिग्धों का पता लगाया और उसी रात चार किशोरों को पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान नाबालिगों ने अपराध में शामिल होने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने लूटी गई नकदी, पीड़ित का मोबाइल फोन, बैग और वर्दी, लोहे की रॉड बरामद कर ली। आगे की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान प्रशांत
प्रशांत