कोल्लम (केरल), 15 मार्च (भाषा) केरल के कोल्लम जिले के पुथियाकावु इलाके में एक गैंगस्टर की हत्या के मामले में पुलिस ने चार और लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
इस मामले में अब तक आठ लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, ओचिरा निवासी अतुल की शनिवार को दिनदहाड़े हथियारों से लैस एक गिरोह ने हत्या कर दी थी। वह पिछले साल मार्च में गैंगस्टर संतोष की हत्या मामले में हाल में जमानत पर रिहा हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद चार लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि चार अन्य आरोपियों को शनिवार रात कोट्टायम जिले के मुंडाकायम के पास गिरफ्तार किया गया।
करुणागप्पल्ली थाने के अधिकारियों ने बताया कि हत्या में सीधे तौर पर शामिल आरोपी विष्णु, आशिक और हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे उस समय हुई जब अतुल अपने दोस्त मनु संतोष के साथ अदालत के निर्देशानुसार करुणागप्पल्ली थाने में पेश होने के बाद लौट रहा था। तभी हमलावरों ने यहां के राष्ट्रीय राजमार्ग पर अपनी गाड़ी से अतुल की कार को टक्कर मार दी जिससे कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
इसके बाद चार हमलावर गाड़ी से उतरे और लाठियों तथा धारदार हथियारों से कार की खिड़कियां तोड़ीं। इसके बाद वे अतुल की हत्या कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी करुणागप्पल्ली स्थित एक आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं। संतोष की हत्या के बाद अतुल ने गिरोह के एक अन्य सदस्य अनीर पर भी हमला किया था। यह गिरोह बदला लेने के लिए अतुल की जेल से रिहाई का इंतजार कर रहा था।
भाषा प्रचेता सुरभि
सुरभि