बाराबंकी (उप्र), 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम बिंदौरा चौराहे के निकट लखनऊ-बहराइच राजमार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार डंपर ने ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी जिससे इस हादसे में दंपति समेत चार लोगों की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसे के बाद राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस के मुताबिक हादसा मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। ऑल्टो कार सवार लोग बिंदौरा चौराहे के पास सड़क किनारे रुककर किसी से रास्ते का पता पूछ रहे थे। इसके बाद वे कार को बहराइच की ओर मोड़ रहे थे कि इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रहे मौरंग लदे डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग वाहन के अंदर फंस गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल सात वर्षीय बच्ची का उपचार किया जा रहा है।
बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राधेश्याम गौड़ ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है हालांकि उनकी शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।
हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर आवागमन भी ठप रहा। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर राजमार्ग पर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।
भाषा सं जफर मनीषा रंजन
रंजन