नोएडा में सड़क हादसों में होमगार्ड समेत चार लोगों की मौत

Ads

नोएडा में सड़क हादसों में होमगार्ड समेत चार लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 10:09 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 10:09 PM IST

नोएडा (उप्र), 26 अप्रैल (भाषा) नोएडा में सड़क हादसों में एक होमगार्ड समेत चार लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

सेक्टर 63 के थाना प्रभारी निरीक्षक अमित काकरान ने बताया कि गाजियाबाद का ललित कुमार नोएडा के सेक्टर 20 थानाक्षेत्र में होमगार्ड के रूप में काम करता था तथा बीती रात ड्यूटी खत्म होने पर वह मोटरसाइकिल से घर जा रहा था, तभी दिल्ली मेरठ राजमार्ग पर एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी।

काकरान ने बताया कि ललित को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक्सप्रेस-वे के थाना प्रभारी अमित खारी ने बताया कि बीती रात रामकुमार तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि उनके भाई शिवकुमार तिवारी (40) ऑटो रिक्शा से परी चौक से नोएडा की तरफ आ रहे थे, उसी बीच सेक्टर 61 के पास एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो रिक्शा में टक्कर मार दी।

खारी के अनुसार इस घटना में शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए एवं उन्हें मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

थाना प्रभारी ने कहा कि उपचार के दौरान शिवकुमार की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जारचा के थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र बताया कि इस थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में धर्मेंद्र (28) की मौत हो गई है।

नॉलेज पार्क के थाना प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि इस थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में रफीकुउल्ला (64) की मौत हो गई है।

भाषा सं राजकुमार

राजकुमार