राजकोट, 16 अगस्त (भाषा) गुजरात में राजकोट जिले के बेदी गांव में रविवार को एक तालाब में डूबने से 10 साल के एक लड़के, उसके भाई और दो अन्य रिश्तेदारों की डूबकर मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बेदी गांव में सोहन सोरा के जन्मदिन के मौके पर उसका परिवार एक दरगाह में जियारत के बाद तालाब में नहाने गया, तब यह हादसा हुआ।
कुवाडवा रोड थाने के निरीक्षक ए एन जानी के अनुसार, मृतकों की पहचान सोहन सोरा (10) और उसके भाई सैफू सोरा (5) एवं अन्य रिश्तेदार साहिल सोरा (18) और अलीफ़ा सोरा (10) के तौर पर हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘परिवार नहाने के लिए तालाब में उतरा था, तभी तीन बच्चे डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए एक युवक (साहिल) पानी में कूदा, लेकिन उसकी भी मौत हो गई।’’
जानी ने बताया कि स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और चारों लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस निरीक्षक के अनुसार, चारों को राजकोट सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप